चोपटा (सिरसा)। नाथूसरी चोपटा थाना क्षेत्र के दड़बा कला गांव के पास स्थित मिनी बिजलीघर में विद्युत कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत कर्मचारी के सिर में गोली लगी हुई है। पुलिस ने उसके कान के पास से लाइसेंसी पिस्तौल बरामद किया है। शव की पहचान मानक दीवान निवासी वेदप्रकाश (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की छानबीन के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
घटना वीरवार शाम सात बजे की बताई जा रही है। नाथूसरी चोपटा के गांव दड़बा कला में स्थित मिनी बिजलीघर में मानक दीवान निवासी वेदप्रकाश काम करता था। शाम करीब सात बजे के बाद कर्मचारी हनुमान सिंह ड्यूटी पर पहुंचा। उसने वेदप्रकाश को बिजलीघर में मृत पाया। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। हालांकि अभी तक मौत होने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है मृतक के पास लाइसेंसी पिस्तौल था। पिस्तौल उसके कान के पास से बरामद हुआ है। परिजनों के बयान दर्ज किए जाने के बाद पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया जाएगा।