रोड़ी(सिरसा)। सरकारी महकमों में तालमेल नहीं होने से घग्गर में बाढ़ से निपटने के दावे होते दिख रहे हैं। सोमवार को बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कई रोड़ी हलके के गांव मत्तड में दौरे के दौरान ग्रामीणों से कहा कि अगले 15 दोनों तक घग्गर नदी में पानी आएगा, उससे पहले मंगलवार से ही तटबंधों को मजबूत कर देंगे। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए, लेकिन अधिकारियों ने कहा, उनके पास फंड नहीं, सिंचाई विभाग ने कह दिया कि यह उनका क्षेत्र नही है। ऐसे में बड़ा सवाल है कि जब फंड ही नहीं है तो मंत्री के आदेश कैसे सिरे चढ़ेंगे।
घग्गर में सोमवार सुबह ही पंजाब से पानी आना शुरू हो गया। ऐसे में मंगलवार से तटबंधों को मजबूत करने का दावा ग्रामीणों के गले नहीं उतरा। पंजाब से सटा पहला गांव होने के कारण सबसे बाढ़ का सबसे ज्यादा खतरा मत्तड व आस पास के 10 गांवों पर रहता है। यहां घग्गर के तटबंध को अब तक मजबूत नहीं किया गया है। ऐसे में किसानों को चिंता सताने लगी है। जहां से घग्गर शुरू होती है, उससे 10 किलोमीटर का क्षेत्र पंचायती राज विभाग के अधीन है। सिंचाई विभाग ने अपने क्षेत्र में कार्य लगभग पूरा करवा लिया है।
किसान बोले- बाढ़ आई तो नहीं देंगे खेतों की मिट्टी
गांव मत्तड़ के ग्रामीण सेवक सिंह ने बताया कि साल 2023 में जब घग्गर में बाढ़ आई थी। उस दौरान प्रशासन ने उन्होंने फसल खराबी के मुआवजे व उनके खेत में मिट्टी निकलने से होने वाले गड्ढे को भरवाने का आश्वासन दिया था। एक साल बीत चुका है, अभी तक उन्हें न तो कोई मुआवजा मिला और न ही उनके खेत में हुए गड्ढ़ों को प्रशासन ने भरवाया। ऐसे में मजबूरन जैसी व्यवस्था हम कर पाए, अपनी जेब से की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में गांव के सरपंच से बात की तो उन्होंने सरकार न आने की बात कही। अब अगर बाढ़ आती है तो खेत की मिट्टी नहीं उठवाने देंगे।
बाढ़ से बचाव के लिए पुख्ता प्रबंध, घबराने की आवश्यकता नहीं: मंत्री
बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने मत्तड़, मल्लेवाला, नेजाडेला, सहारणी, बनसुधार, चामल व झोरड़नाली का दौरा किया। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि पूरी सतर्कता से घग्गर नदी के तटबंधों का निरीक्षण करें व कहीं भी कोई समस्या नजर आती है तो तत्काल समाधान करें। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि प्रशासन द्वारा बाढ़ से बचाव के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं, इसलिए उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। तटबंधों के साथ लगते गांवों के निवासी भी प्रशासन से तालमेल रखें और अपने-अपने क्षेत्रों में जलस्तर पर लगातार निगरानी रखें। कहीं भी कमजोर तटबंध है तो अधिकारियों को सूचित करें। आगामी 20 दिन बहुत महत्वपूर्ण है, इसलिए पिछले अनुभव से सीख लेते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरतें। मंत्री के साथ अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ. विवेक भारती, सीईओ जिला परिषद सुभाष चंद्र, एसडीएम कालांवाली सुरेश रावेश, एसडीएम राजेंद्र कुमार, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता एआर भांभू सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संवादे
-
किसने क्या कहा
गांव मत्तड़ से लेकर मल्लेवाला तक का क्षेत्र पंचायत विभाग के पास है। पंचायत विभाग ही इसमें काम करवाता है और तटबंधों को मजबूत करता है। मुआवजे को लेकर अन्य व्यवस्था भी वही विभाग देखता है।
- शमशेर सिंह, घग्गर फल्डी एसडीओ।
-
हमें सरकार मुआवजे संबंधी कोई आदेश नहीं मिले हैं।
- प्रमोद जैन, एसडीओ, पंचायती राज।
-
मनरेगा के अधीन कट्टे भरवाने का कार्य किया जा रहा है। सरकार से कोई पैसा नहीं आया है। हमारे पास तो पंचायती फंड होता है, वह बहुत कम है। इस संबंध में सिंचाई विभाग से बात की है, लेकिन वह कह रहे है कि यह टुकड़ा पंचायत के पास है।
- सुरेश रावेश, एसडीएम, रानियां उपमंडल।
-
बिजली मंत्री रणजीत सिंह के तटबंध पर पहुंचने पर कोई भी विभाग अपनी जिम्मेवारी निभाने को तैयार नहीं था। सभी विभागों के अधिकारी मंत्री के आदेश को एक दूसरे को सौंपकर अपना पीछा छुड़वा रहे थे कि तटबंध का हिस्सा हमारे पास नहीं है। मंत्री ने हमें आदेश दिया है कि आप पंचायती फंड से मिट्टी के कट्टे भरवा कर तैयारियां शुरू करें। हमारे पास 4-5 लाख रुपये हैं। आगे जो होगा देखा जाएगा।
- अजायब सिंह, सरपंच गांव मत्तड़।
मत्तड़ में तटबंध के पास घग्गर में आया पानी। संवाद