संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। सिरसा रोड स्थित किसान रेस्ट हाउस में बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने मंगलवार को नगर पालिका के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान नगरपालिका के सचिव आशीष स्वामी व जेई विक्रम ने बिजली मंत्री को शहर में नगर पालिका की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्यों पूरी जानकारी दी। जो कार्य चल रहे हैं, उनकी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बिजली मंत्री ने शहर के सुंदरीकरण को लेकर बनाए गए मास्टर प्लान का पूरा ब्योरा तलब किया। इसके साथ ही सिरसा-जीवननगर रोड पर अधर में लटक रहे डिवाइडर के निर्माण के कार्य, डिवाइडर पर ग्रिल लगवाने व सिरसा व जीवननगर दोनों साइड से एक-एक स्वागत बनने का कार्यों को शीघ्र कार्य शुरु करने के निर्देश दिए।
बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। रानियां शहर में करोड़ों रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं। कई ऐसे प्रोजेक्ट शुरु किए गए है, जिन पर काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले साल करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य करवाए गए हैं। अधिकतर गलियों को इंटरलाकिंग टाइलों से बनाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के मेन बाजार में पार्किंग की समस्या उनके ध्यान में आई है, जिसका शीघ्र ही समाधान निकालने के प्रयास जारी है। इस मौके पर वाइस चेयरमैन रमेश कंबोज, स्वर्गधाम कमेटी के प्रधान आशु मिढ़ा, सोम जैन, विनोद जैन, पूर्व पार्षद दीपक गाबा मौजूद रहे।