सिरसा। बीते एक सप्ताह से गर्मी और लू का कहर बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जिले का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके चलते नागरिक अस्पताल में भी गर्मी के कारण ओपीडी में निरंतर बढ़ रही हैं। प्रतिदिन 300 से 400 ओपीडी बुखार, दस्त व सिर दर्द की हैं। वहीं बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की खपत भी बढ़ गई है। जिले में जहां 60 लाख यूनिट की मांग थी, अब वह बढ़कर सवा करोड़ यूनिट हो गई है। गर्मी में सब्जियों और फलों के दाम पहले से दो गुना बढ़ गए हैं।
भीषण गर्मी के कारण मौसमी सब्जियां महंगी हो गई हैं। जो प्याज 20 रुपये किलोग्राम मिल रहा था, अब 40 रुपये किलोग्राम तक पहुंच गया है। इसके अलावा तोरी के दाम 40 रुपये से बढ़कर 50 रुपये, आलू 20 रुपये से अब बढ़कर 40, मटर 100 रुपये से 150, टमाटर 20 से 40 रुपये, घीया 40 से 80, नींबू 100 से 160, भिंडी 40 से 60, खीरा 20 से 50 और करेला के दाम 40 से 60 रुपये तक बढ़ गए हैं। फल विक्रेता कपिल ने बताया कि गर्मी में फल खराब होने के ज्यादा चांस रहते हैं। वहीं सब्जी विक्रेता मंगत राम ने बताया कि गर्मी में सब्जियों के उत्पादन में भारी गिरावट आने से इनके दामों में दो गुना तक बढ़ोतरी हो रही है।
जिले में भीषण गर्मी के कारण नागरिक अस्पताल में मरीजों की संख्या पहले से बढ़ गई है। यहां प्रतिदिन 1200 के करीब मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं। वहीं गर्मी से पीड़ित 300 से 400 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें से गंभीर पाए जाने वाले 30 से 40 मरीजों को भर्ती भी किया गया है। शिशु वार्ड में भी 15 से 20 बच्चों का उपचार चल रहा है।
भीषण गर्मी के कारण जिले में बिजली की खपत भी बढ़ गई है। सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण हो रही है। न्यूनतम तापमान 33.9 डिग्री रहने के कारण रातें गर्म हो रही हैं। इसके कारण बिजली की मांग बढ़ रही है। इसके कारण निगम को रात में कट लगाने पड़ रहे हैं। हालांकि ये कट आधा घंटा से एक घंटे तक के लगाए जा रहे हैं।
गर्मी के कारण लगातार बिजली की डिमांड बढ़ रही है। पहले जिले में 60 लाख यूनिट बिजली की मांग होती थी। एक सप्ताह पहले यह 1 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई और अब डिमांड सवा करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है। बिजली निगम लगातार लोगों को बिजली समय पर मुहैया करवाने का प्रयास कर रहा है।
- राजेंद्र सभ्रवाल, एसई, बिजली निगम, सिरसा।