प्रदेश सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों के दौरान गांव बालासर से जीवननगर होते हुए डबवाली को जोने वाली सड़क के बीच में बिजली के कई पोल हादसों को न्योता दे रहे हैं, जिसके चलते ग्रामवासियों ने सड़क के बीच में लगे बिजली के पोल को हटाने की मांग की है। इस बारे बलविंदर सिंह, कुशाल सिंह, जगपाल सिंह, गुरदीप सिंह, सतनाम सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से बालासर से जीवननगर होते हुए डबवाली को जाने वाली सड़क को मार्केटिंग बोर्ड विभाग द्वारा निर्मित की जा रही है। गांव वासियों की मांग पर इस सड़क को 12 फुट चौड़ा करके नया बनाया गया है, लेकिन विभाग की ओर से बहुत बड़ी लापरवाही सड़क बनाने के बाद देखने को मिल रही है। इस सड़क के एक किलोमीटर तक सड़क के बीचों बीच बिजली के कई पोल आ रहे हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। ग्राम वासियों ने मांग की है कि अधूरे पड़े काम को जल्द पूरा करवाया जाए। मार्केटिंग बोर्ड के एसडीओ ओमप्रकाश ने बताया कि बिजली के पोल हटाने के लिए बिजली विभाग को लिखित रूप में पत्र भेजे हुए हैं।
मार्केटिंग बोर्ड के पत्र के बाद सड़क से बिजली के पोल को हटाने के लिए एस्टीमेट बनाकर भेजा गया है जल्द ही सड़क से पोल को हटवाया जाएगा।
सतीश कुमार, एसडीओ, बिजली बोर्ड, रानियां।