ऐलनाबाद। नगर पालिका के वाइस चेयरमैन के पद के लिए शनिवार को होने वाला चुनाव एक बार फिर टल गया। इससे नगर पार्षदों को निराश होकर लौटना पड़ा। इससे पहले भी तीन अगस्त को भी यह चुनाव टाल दिया गया था।
कनवीनर व एसडीएम ऐलनाबाद वेद प्रकाश बैनीवाल द्वारा वाइस चेयरमैन पद के चुनाव के लिए छह अगस्त की तिथि निर्धारित की गई थी। इसके लिए सभी पार्षदों को नोटिस भिजवा दिए गए थे। शनिवार सुबह ही नगर पालिका कार्यालय में सभी नगर पार्षदों की गहमागहमी देखने को मिली। शहर वासियों की निगाह भी इस चुनाव पर टिकी हुई थी। सभी शहर वासी यह जानने के लिए उत्सुक थे कि वाइस चेयरमैन की कुर्सी पर कौन विराजमान होगा, लेकिन स्थानीय प्रशासन द्वारा एक बार फिर इस चुनाव को टाल देने की सूचना के बाद शहर वासी अब आगामी तिथि का इंतजार करने लगे हैं।
ऐलनाबाद नगर पालिका के वाइस चेयरमैन के लिए चुनाव 6 अगस्त को होना निर्धारित हुआ था। एसडीएम ऐलनाबाद का स्वास्थ्य अचानक खराब होने के कारण इस चुनाव को आगामी प्रशासनिक आदेशों तक टाल दिया गया है। इसकी सूचना सभी पार्षदों को दे दी गई है। प्रशासन द्वारा इस चुनाव के लिए शीघ्र ही आगामी तिथि का एलान किया जाएगा। - गिरधारी लाल, सचिव, नगर पालिका ऐलनाबाद।