संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। कंप्यूटर ऑपरेटर की हड़ताल के कारण जिलाभर के ई-दिशा केंद्रों में पिछले तीन दिनों से काम ठप हैं। ई-दिशा केंद्रों पर लटके तालों काे देखकर काम करवाने आए लोग बुधवार को भी परेशान रहे। प्रशासन ने लोगों को कोई विकल्प नहीं दिया है, इस कारण काम करवाने आने वाले लोग खाली हाथ लौट रहे हैं। हड़ताली कर्मियों ने कहा कि मांग पूरी होने तक वह काम पर नहीं लौटेंगे।
हड़ताल के कारण 700 के करीब पोर्टल बंद पड़े हैं। इससे 256 प्रकार के कार्य प्रभावित हुए। सिरसा ई-दिशा केंद्र में रोज करीब 450 टोकन कटते हैं। इसमें जमीन की रजिस्ट्री, इंतकाल, जमाबंदी, वाहन पंजीकरण, प्रमाणपत्र सहित अन्य काम करवाने के लिए लोग पहुंचते हैं। गेट पर ताला लटका होने के कारण सभी काम प्रभावित हो रहे हैं।
सिरसा, डबवाली, कालांवाली, रानिया, ऐलनाबाद, नाथूसरी चोपटा और गोरीवाला में ई-दिशा केंद्र हैं। सिरसा में रोज करीब 500 और अन्य स्थानों पर प्रति केंद्र में करीब 225 टोकन कटते हैं। जिलेभर में रोज करीब दो हजार लोग इन स्थानों पर पहुंचकर कार्य करवाते हैं। डीसी, एडीसी, एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व सहित अन्य सभी कार्यालयों में कंप्यूटर ऑपरेटर ऑनलाइन पोर्टलों पर डाटा अपडेट करने, शिकायतों का समाधान करने, ई-मेल का जवाब देने का कार्य करते हैं।
-बॉक्स
ई-दिशा केंद्र में दूसरे दिन प्रभावित रहे कार्य
भूअभिलेख की नकल - 2,550
जमाबंदी- 2,100
रजिस्ट्री - 2,000
ड्राइविंग लाइसेंस -1,500
आधार कार्ड -1,200
आरसी- 1,100
जाति प्रमाणपत्र- 1,100
इंतकाल - 1,050
हरियाणा रिहायशी प्रमाणपत्र- 1,000
सीएम विंडो की शिकायतें- 160
शस्त्र लाइसेंस की फाइलें- 150
-