अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा । गांव चौटाला के पास संगरिया रोड पर सोमवार रात 10:00 बजे दो युवकों की अंधाधुंध गोलियां चला कर हत्या कर दी गई। दोनों युवकों की पहचान शराब व्यवसायी प्रकाश पूनिया निवासी चौटाला व मुकेश गोदारा निवासी भारू खेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ले रही है। जानकारी के अनुसार चौटाला गांव के पास संगरिया रोड पर सोमवार एक ढाबे पर बैठकर प्रकाश और मुकेश गोदारा खाना खा रहे थे। तभी बाइक पर सवार पांच, सात युवक आए और अंधाधुंध गोलियां चलाकर मौके से भाग गए। प्रकाश और मुकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दोनों को डबवाली के सिविल अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डबवाली के डीएसपी कुलदीप बेनीवाल ने बताया कि करीब 35 गोलियां चली है। अभी आरोपियों का कोई पता नहीं लगा।