सिरसा। शहर में विकास कार्यों को लेकर आने वाली शिकायतों को लेकर जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल बुधवार को स्वयं फील्ड में उतरे। इससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात है कि नगर परिषद के कुछ कर्मियों ने कांडा कॉलोनी की सड़क के निरीक्षण से पूर्व ही भाजपा नेता को फोन कर मौके पर बुला लिया। जो सोशल मीडिया पर शहर के विकास का राग अलापते नजर आए। वहीं डीएमसी ने सड़क के रोड़ों की पैमाइश की और इंटरलॉकिंग के सैंपल भरवाए।
इसके बाद डीएमसी ने पुरानी कचहरी रोड पर बने नगर परिषद के पुराने कार्यालय में कबाड़ गायब करने के मामले की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि तुरंत प्रभाव से सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच करें और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। किसी भी दोषी कर्मचारी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल सीएम विंडो व अन्य माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि कांडा कॉलोनी में सड़क का निर्माण कार्य निम्न स्तर पर किया गया है। शिकायत के आधार पर जिला नगर आयुक्त कार्यकारी अधिकारी, एमई और जेई को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने 6 जगहों से सड़क के सैंपल भरवाए, ताकि निष्पक्ष रूप से सड़क के सैंपलों की जांच हो सके।
इस कारण उठ रहे है सड़क के निर्माण पर सवाल
शहर की 25 से ज्यादा कॉलोनियां पास हुई थी। नगर परिषद की ओर से भाजपा नेताओं की कॉलोनियों को प्राथमिकता पर लेते हुए उनमें सड़क निर्माण सबसे पहले शुरू करवाया। जिससे पूर्व में ही सड़क निर्माण विवादों में आ गया था। इसके बाद भी अधिकारियों की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे में लोगों ने इन सड़कों को लेकर शिकायतें करनी शुरू कर दी है। जिसके चलते जिला नगर आयुक्त को स्वयं आकर सैंपल जांच करवाने पड़ रहे हैं।
वैध हुई कॉलोनियों में सड़क बनाने पर यह उठ रहे हैं सवाल
1 - 15 से 40 साल पुरानी कॉलोनियों की सीवरेज लाइन कॉलोनाइजर ने भविष्य के अनुसार बनाई हैं या नहीं। इनकी जांच रिपोर्ट तैयार हुई है या नहीं।
2 - बारिश के पानी की निकासी को लेकर कॉलोनाइजर ने क्या व्यवस्था की है।
3 - सीवरेज में बरसाती पानी निकासी से पूर्व जनस्वास्थ्य विभाग से एनओसी विभाग से ली है या नहीं।
4 - कॉलोनाइजर ने रिहायशी कॉलोनी में व्यावसायिक गतिविधियां की हुई हैं, जिससे लाइनों पर लोड बढ़ेगा।
5 - शहर के पॉश एरिया की टूटी सड़कों को छोड़ वैध हुई कॉलोनियों पर अधिकारी इतने मेहरबान क्यों हैं।
6 - विभाग के पास डाटा नहीं है कि किस कॉलोनाइजर ने सालों पहले कौन सी कॉलोनी काटी थी।
डीसी, रामकॉलोनी, खैरपुर व दिल्ली रोड की कॉलोनियों को भूले अधिकारी
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, रानियां विधायक रणजीत सिंह के आवास के आसपास बनी पॉश एरिया की कॉलोनियों में सालों से सड़कें टूटी हुई है। इन सड़कों को लेकर नागरिक कई बार अधिकारियों को शिकायतें दे चुके हैं। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। ये कॉलोनियां सालों पहले अप्रूव्ड हो चुकी हैं। वहीं दिल्ली रोड पर अप्रूव्ड हुई कॉलोनियों की सड़कें बनाने में विभाग के अधिकारियों ने जहमत नहीं उठाई है।
-
भविष्य में शिकायतकर्ता को मौका निरीक्षण के दौरान मौके पर बुलाया जाएगा। जिससे शिकायतकर्ता को संतुष्टि हो सके और भ्रामक प्रचार न हो। वहीं इंटरलॉकिंग के सैंपल जांच के लिए भिजवाएं और भविष्य में भी सड़कों की जांच होगी।
सुरेंद्र बैनीवाल, जिला नगर आयुक्त