सिरसा। शहीद भगत सिंह स्टेडियम में शुक्रवार को 75वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने राष्ट्रीय ध्वजा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने शहीद व स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित किए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने पूर्ण स्वराज के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया ताकि उनकी आने वाली पीढ़ियां किसी की गुलाम बनकर न रहे और स्वतंत्र रूप से अपने अधिकारों का निर्वहन कर सके। उन्होंने जिला सिरसा से समाजसेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले भाई गुरविंद्र सिंह को पद्मश्री के लिए चुने जाने पर बधाई दी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सदियों की प्रतीक्षा और सदियों का अभूतपूर्व धैर्य, अनगिनत बलिदान, त्याग और तपस्या के बाद हमारे प्रभु श्रीराम का मंदिर अयोध्या में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने भी प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में प्रदेश ने नई उंचाइयों को छूआ है।
इस दौरान समारोह में पूर्व विधायक भागीराम, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, जजपा जिलाध्यक्ष सर्वजीत मसीतां, एडीजीपी श्रीकांत जाधव, उपायुक्त पार्थ गुप्ता, सीडीएलयू के कुलपति अजमेर सिंह मलिक, पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण, एडीसी डॉ. विवेक भारती, एएसपी दीप्ति गर्ग, एसीयूटी शाश्वत सांगवान, एसडीएम राजेंद्र कुमार, सीटीएम अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व आमजन मौजूद रहे।
इन संस्थाओं और कर्मचारियों को किया सम्मानित
गणतंत्र दिवस पर 22 से अधिक अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें स्वास्थ्य विभाग से चिकित्सक रवि कुमार, कृषि विभाग से बीएओ ऐलनाबाद दीपक कुमार, शिक्षा विभाग से प्रवक्ता रसायन विज्ञान डाॅ. नवनीत चांडक, जिला बाल कल्याण अधिकारी पूनम नागपाल, जनस्वास्थ्य विभाग से जेई कुलदीप सिंह, उपायुक्त कार्यालय से सहायक राकेश कुमार, गनमैन विनोद, पुलिस विभाग से उप निरीक्षक धर्मचंद, महिला पुलिस प्रीति, एनआईसी से जूनियर प्रोग्रामर राकेश कुमार, समाजसेविका सुमन वर्मा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा पर्वतारोही हुकमचंद उर्फ माही, किसान कल्याण क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने पर एमडी बायोकॉल प्राइवेट लिमिटेड, समाजसेवी राजेंद्र सिंह संधू, नगर परिषद से कर्मचारी विनोद कुमार, अंकित, राज कुमार, संजय, अरुण कुमार, गोरक्षा दल समाज सेवक पंकज सैन, एसडीएम कार्यालय सिरसा से सेवादार साहिल विरमानी, खेल विभाग से भूमिशा शर्मा, मत्स्य पालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्नेहदीप कौर, नंबरदार शंकर लाल, बेलदार रमेश चंद्र, एडवोकेट बहादुर सिंह को भी सम्मानित किया गया।
वीरांगनाओं को किया सम्मानित
उप मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों की वीरांगनाओं में गांव ढुकड़ा की माड़ी देवी विधवा सुरजा राम, गांव कुम्हारिया की रामकौरी विधवा धनराज, गांव जमाल की पार्वती विधवा बिशन सिंह, गांव तरकांवाली की संतोष देवी विधवा कृष्ण कुमार, गांव खेड़ी से रेशमा देवी विधवा निहाल सिंह, गांव मल्लेकां की जलकौर विधवा जीत सिंह, थेड़ मोहल्ला से इंद्रा देवी विधवा राम कुमार व रमनदीप कौर विधवा शहीद निशान सिंह को सम्मानित किया गया।
समारोह में इन टीमों का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
गणतंत्र दिवस परेड में राजकीय नेशनल महाविद्यालय से एनसीसी लड़कों की टुकड़ी प्रथम, महिला पुलिस बल दुर्गा शक्ति की टुकड़ी द्वितीय तथा बाबा भूमण शाह ओपन रोवर स्काउटस की टुकड़ी तृतीय स्थान पर रही। झांकियों में शिक्षा विभाग की झांकी प्रथम, कृषि विभाग की झांकी द्वितीय तथा स्वास्थ्य विभाग की झांकी तृतीय स्थान पर रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड सिरसा गिद्दा प्रथम, सैंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोरियोग्राफी द्वितीय तथा डीएवी सेनेटरी पब्लिक स्कूल बरनाला रोड प्रार्थना नृत्य की टीम तीसरे स्थान पर रही।
सौंदर्यीकरण योजना के तहत ये हुए सम्मानित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्कूल सौंदर्यीकरण योजना वर्ष 2023-24 के तहत जिलास्तर पर प्रथम रहे विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया। जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नथौर, राजकीय उच्च विद्यालय कुरंगावांली, राजकीय माध्यमिक विद्यालय ढाणी 400, राजकीय माध्यमिक संस्कृति प्राथमिक पाठशाला भरोखां शामिल हैं।