सिरसा। जिले में तेजी से बढ़ते डेंगू के मामलों को लेकर जिला प्रशासन की ओर से अब एडवाइजरी जारी की गई है। जिसमें लोगों को आसपास पानी एकत्र न होने देने, स्वच्छता रखने और मच्छरों से बचाव करने के लिए अपील की है।
वहीं उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि जिले के कई गांवों में बाढ़ व अत्यधिक बारिश के कारण मच्छर जनित बीमारियों जैसे मलेरिया व डेंगू, चिकनगुनिया होने की आशंका है। जिलावासी इन बीमारियों से बचाव के लिए विशेष सावधानियों को अपनाएं और अपने आसपास मच्छरों को पनपने न दें। उपायुक्त ने कहा कि इसके लिए अपने घरों में सीमेंट से बनी टंकियों को पूरी तरह ढककर रखें। सप्ताह में एक बार टंकियों, कूलरों, गमलों, शौचालयों में पड़े घड़ों, छतों पर पड़े बेकार टायरों, पशु-पक्षियों के पानी पीने के बर्तनों व अन्य पानी के स्रोतों को खाली करें व अच्छी तरह से साफ करें व अपने घरों के आस-पास पानी जमा न होने दें। मच्छर जमा पानी में अंडे देता है, जो 7 दिनों में पुन: मच्छर बनकर मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसी खतरनाक बीमारियां फैलाता है। उन्होंने बताया कि रात को सोते समय कीटनाशक मच्छरदानी या ओडोमास का प्रयोग करें। शरीर को पूर्ण रूप से ढकने वाले वस्त्र पहने, बुखार होने की स्थिति में अपने नजदीकी बने सरकारी उप स्वास्थ्य केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा नागरिक अस्पताल में जाकर तुरंत खून की जांच करवाए तथा मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम में सहयोग करें।