सिरसा। खेतों में फसलों की सिंचाई करने के लिए सरकार की ओर से आठ घंटे तक बिजली की सप्लाई देने का समय तय किया गया है, लेकिन अब लोड अधिक होने के कारण खेतों में बिजली सप्लाई के लंबे कट लग रहे हैं। जिसके चलते मंगलवार को असीर गांव के ग्रामीणों ने कालांवाली में बिजली निगम कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इस दौरान उन्होंने सरकार व बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं असीर गांव के पूर्व सरपंच गुरजंत सिंह, पूर्व पंच स्वर्ण सिंह, बलकरण सिंह, जगतार सिंह ने बताया कि बिजली सप्लाई समय पर सही तरह से न दिए जाने के कारण उनके खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। आठ घंटे की सप्लाई में ही दो से तीन घंटे तक बिजली के लंबे कट लग जाते है। जिसके कारण उनकी फसल प्रभावित हो रही है। वह पहले भी अधिकारियों को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। इससे खफा होकर किसानों ने मंगलवार को दोपहर साढ़े 12 बजे बिजली निगम कार्यालय को ताला लगाकर वहां पर धरना शुरू कर दिया। जिसके बाद शाम तीन बजे खारिया के एसडीओ शंकर लाल ने मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्या सुनी और अतिरिक्त बिजली सप्लाई दिए जाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया और लौट गए।