अनाज मंडी स्थित श्री श्याम बगीची में भजनों पर झूमते हुए श्रद्धालु।
सिरसा। अनाज मंडी स्थित श्याम बगीची में एकादशी के उपलक्ष्य में 20 फरवरी रात को भजन संध्या एवं भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी राकेश शास्त्री, शशिकांत शुक्ला व पंडित गिरधारी ने पूजा की। श्याम बगीची के मुख्य सेवादार ने पवन गर्ग ने बताया कि एकादशी पर बगीची परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। उसके बाद बाबा श्याम की पवित्र ज्योत प्रज्वलित की गई।
राजेंद्र गनेरीवाला ने गणेश वंदना से भजन संध्या का आगाज किया। गनेरीवाला ने बालाजी, श्यामजी के भजन प्रस्तुत किए। रात को सवा नौ बजे बाबा श्याम को भोग लगाकर श्याम रसोई (भंडारे) का शुभारंभ किया गया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दिल्ली से आई गर्ग सिस्टर्स ने भजनों की प्रस्तुति दी। गर्ग सिस्टर्स ने भजन- बोलो वीर हनुमाना अति बलवाना, श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में, हारे के सहारे आजा, साथ हमारा कौन देगा तुम ना सुनोगे तो कान सुनेगा, मेरा सांवरिया घर आएगा, दीनानाथ मेरी बात छानी कोई थारै स, घुंघटियो आड़ै आग्यो जी मैं देख कोनी पाई बाबा श्याम सहित अनेक भजन प्रस्तुत किए।
जागरण के दौरान लक्की ड्रॉ निकाला गया। जिसमें विजेता को चांदी की बांसुरी भेंट की गई। रात को भजन संध्या के समापन पर बाबा श्याम की आरती की गई और बाबा को भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।