सिरसा। 15वीं हरियाणा विधानसभा गठन की प्रक्रिया में मतदान का कार्य संपन्न हो चुका है। मतदान में 2.24 प्रतिशत की गिरावट के बाद भी सिरसा प्रदेश में फिर से सिरमौर बना है। सिरसा में इस बार 75.36 फीसदी मतदान हुआ है, जबकि 2019 में 77.6 फीसदी मतदान हुआ था।
चुनाव आयोग के टर्नआउट एप पर रविवार रात 8 बजे तक दर्ज अपडेट डाटा के अनुसार सिरसा के साथ पड़ोसी जिला फतेहाबाद मतदान प्रतिशत में दूसरे नंबर पर रहा है। इसके बाद तीसरे नंबर पर रहे पलवल जिले में मतदान प्रतिशत 74.20 रहा है। हाईटेक सिटी गुरुग्राम और फरीदाबाद के लोगों ने मतदान न करके इसे छुट्टी के दिन के रूप में लिया। इन दोनों जिलों में मतदान प्रतिशत 60 से भी नीचे रहा। इसी तरह अगर विधानसभा सीट वाइज देखें तो सिरसा जिले के ऐलनाबाद सीट 80.61 प्रतिशत के अव्वल रही। वहीं फरीदाबाद की बड़खल सीट पर सबसे कम 48.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। विधानसभा चुनाव 2019 में भी सिरसा जिला पूरे प्रदेश में अव्वल रहा था। उस दौरान चुनाव में ऐलनाबाद सीट पर 84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।