बीईओ को ज्ञापन सौंपते प्रतिनिधिमंडल
सिरसा। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को प्रधान संदीप कुमार के नेतृत्व में खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने खंड के प्राथमिक विद्यालयों व प्राथमिक अध्यापकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांग पत्र सौंपा।
संदीप ने बताया कि ट्रांसफर होने के बाद खंड के अनेक विद्यालयों में अध्यापकों की कमी हो गई है। ऐसे विद्यालयों में बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो व विद्यालय के अन्य कार्य सुचारू रूप से चल सकें। इसलिए शीघ्र अति शीघ्र अध्यापक उपलब्ध करवाए जाएं। इसके अतिरिक्त मीडियल बिलों के मामले, एलटीसी का सही व समय पर भुगतान, बिजली बिलों का समय पर भुगतान, वेतन बजट का समय पर सभी विद्यालयों में आबंटन व पहले तदर्थ आधार पर लगे व बाद में नियमित हुए अध्यापकों की तदर्थ कार्यकाल की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट लिखना आदि विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी मांगों का जल्द से जल्द निपटान करने का आश्वासन दिया। खंड के अनेक विद्यालयों में अध्यापकों की कमी पर उन्होंने जल्द स्थिति का अवलोकन करने व आवश्यकता अनुसार इसी सप्ताह अध्यापक उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में सुरेश रंगा, धर्मेंद्र, लखविंद्र, दीपक अध्यापक आदि मौजूद रहे।