संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। मंडियों में तेजी से गेहूं के उठान के लिए प्रशासन ने ठेकेदारों को ट्रक बढ़ाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बाद भी ठेकेदारों ने इसका पालन नहीं किया। ऐसे में ओढां और रत्ताखेड़ा में ठेकेदार को हैफेड ने नोटिस जारी कर ब्लैक लिस्ट करने और एफआईआर दर्ज करवाने की चेतावनी दी है। खारियां में बीते दिन ही ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया था। हालांकि सिरसा मंडी में उठान तेज करने के लिए ठेकेदार ने पंजाब से करीब 20 ट्रक बुलाए हैं। ये ट्रक देर शाम को ही मंडी में पहुंच पाए हैं। वहीं
जिले की मंडियों में अब तक 26 लाख 28 हजार 452 क्विंटल की आवक हो चुकी है। इसमें से केवल पांच लाख क्विंटल गेहूं का ही उठान हुआ है। किसानों को गेहूं डालने के लिए जगह नहीं मिल रही है। किसान मंडी में रोड पर ही गेहूं डालने को मजबूर हैं। इसके कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। आढ़ती अधिकारियों व एजेंसियों को बार-बार उठान में तेजी लाने को लेकर मांग उठा रहे हैं। मंगलवार को जिले में पांच लाख क्विंटल की आवक हुई है, जबकि उठान मात्र दो लाख क्विंटल का ही हुआ है। मंडियों में 42 लाख बैग खुले आसमान के नीचे पड़े हैं।
इसके बाद भी ओढां और रत्ताखेड़ा की मंडियों में ठेकेदारों ने गेहूं के उठान के लिए एक भी ट्रक नहीं लगाया। ऐसे में हैफेड ने चेतावनी दी कि अगर मंगलवार रात तक उठान का काम तेज नहीं किया जाता तो उसे ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा और नए सिरे से टेंडर लगाकर नए ठेकेदार को काम सौंपा जाएगा। ठेकेदारों के पास पहले ही ट्रक न होने के चलते अब समस्या बढ़ी है तो विभाग भी एक्शन मोड में है।
मंडियों में अब तक हुई गेहूं की आवक
मंडी, आवक
सिरसा, 611038
डबवाली, 432723
कालांवाली, 561020
रानियां, 472307
डिंग, 117571
सिरसा मंडी में ठेकेदार ने 20 अतिरिक्त ट्रक लगाकर उठान का काम तेज कर दिया है। रत्ताखेड़ा और ओढां के ठेकेदार को नोटिस जारी कर उन्हें चेतावनी दी गई है। मंडियों में जल्द ही उठान का काम तेज होगा। इससे समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। -मांगे राम, डीएम, हैफेड, सिरसा ।