फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उठान में देरी : 13 लाख क्विंटल गेहूं से अटीं मंडियां, मार्केट कमेटी ने एजेंसियों को जारी किए नोटिस

विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

सिरसा। गेहूं का सीजन शुरू होते ही अनाज मंडियों में अब हर रोज पांच लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है, लेकिन एजेंसियों की ओर से उठान का काम धीमा किया जा रहा है। ऐसे में सिरसा मार्केट कमेटी ने एजेंसियों को नोटिस जारी कर उन्हें जल्द ही उठान करने के निर्देश दिए हैं। मंडियों में अब तक 60 हजार क्विंटल का ही उठान हो पाया है। अभी 13 लाख क्विंटल से अधिक गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ा है।
जिले की 62 अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेहूं की आवक हो रही है, लेकिन बारदाना और पोर्टल देरी से अपडेट होने के कारण उठान कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसके चलते अब मंडियों में गेहूं के बड़े ढेर व बोरियों की कतार लगनी शुरू हो गई है। जिले में अब तक 13 लाख 47 हजार 835 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। इसमें से 12 लाख 77776 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद की गई है, जबकि 10917 क्विंटल गेहूं की प्राइवेट खरीद हुई है। इसमें से अभी तक एक लाख 20 हजार बैग का ही उठान हो पाया है, जबकि शेष गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ी है। मंडियों में गेहूं की आवक अधिक होने के चलते मजदूरों की कमी भी आढ़तियों के समक्ष आ रही है। गेहूं की ढेरी लगने के बाद उसके तौल का काम जल्द नहीं हो पा रहा है। उठान को लेकर अभी एजेंसियों ढिलाई बरत रही है। अगर दो दिन में गेहूं का पूरा उठान नहीं हो पाया तो सिरसा की अनाज मंडी में आवाजाही बंद होने की समस्या भी बन सकती है।
विज्ञापन


अभी से ही जगह कम होने के चलते सड़कों पर ढेरी लगाने को मजबूर हो रहे किसान
मंडियों में 80 फीसदी जगह पर गेहूं की ढेरियां व बोरियां लगी हुई हैं। इसके कारण मंडियों में अब किसानों को गेहूं रखने के लिए जगह तक नहीं मिल पा रही है। आढ़ती भी कई किसानों के गेहूं को एक साथ ही उतरवाकर ढेर लगा रहे हैं। इसके कारण तौल में देरी होने के चलते किसानों को गेहूं रखने के लिए जगह तक नहीं मिल पा रही। ऐसे में अब किसानों ने मंडी के मुख्य रोड पर गेहूं की ढेरी लगाकर तौल करवाने का काम शुरू कर दिया है। इससे आवाजाही में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एजेंसियों ने चार करोड़ की राशि की जारी
सिरसा में 10 अप्रैल से गेहूं की खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि अभी करीब 13 लाख क्विंटल की खरीद एजेंसियों की ओर से की गई है। ऐसे में सभी एजेंसियों की ओर से अब तक चार करोड़ की राशि ही जारी की गई है। शुक्रवार को पोर्टल की खामियां दूर होने के बाद अब उठान के कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। इसके बाद गोदाम में गेहूं के पहुंचते ही किसानों के भुगतान का काम पूरा हो पाएगा।

मंडी में दूषित पानी की सप्लाई और खराब व्यवस्था पर भड़के अशोक तंवर
शनिवार दोपहर के समय आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने सिरसा अनाज मंडी का जायजा लिया। इस दौरान सीवरेज युक्त पानी की सप्लाई होने और शौचालय की स्थिति खराब होने पर उन्होंने सरकार व अधिकारियों पर भी निशाना साधा है। डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि मंडी में बारदाने का अभाव है और लिफ्टिंग भी सही नहीं हो रही। मंडी में शौचालय भी बहुत खराब हालत में हैं। सरकार किसानों को पोर्टल चलाने की बात कहती है, लेकिन पोर्टल चल नहीं रहा। किसानों की बर्बाद हुई फसलों की विशेष गिरदावरी भी नहीं करवाई गई। उन्होंने मांग की कि पंजाब की तर्ज पर पहले किसानों को मुआवजा दिया जाए। इस अवसर पर आप नेता वीरेंद्र कुमार एडवोकेट, अमित सोनी, अनिल चंदेल, प्रमोद वधवा, ललित जैन, सुरजीत बेगू, राजकुमार वधवा, सुशील रहेजा उपस्थित रहे।
विज्ञापन


वर्जन
उठान धीमा होने के कारण एजेंसियों को नोटिस देकर जल्द ही उठान का काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडी में अलग-अलग स्थानों पर पेयजल के मटके रखे गए हैं। जल्द ही मंडी से गेहूं के उठान का काम पूरा हो जाएगा। -वीरेंद्र मेहता, सचिव, मार्केट कमेटी सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें