सिरसा। 10 साल से लूट व डकैती की वारदात को अंजाम देकर फरार चल रहे वांछित अपराधी गांव फूलकां के संजय कुमार को सिरसा की स्पेशल स्टॉफ की टीम ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी संजय हिसार, फतेहाबाद में लूट और डकैती के आरोप में वांछित है। इतना ही नहीं, राजस्थान में आरोपी ने कई वारदातों को अंजाम दिया है।
आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस लूटी की राशि बरामद करेगी। वहीं आरोपी इतने वर्षों से कहां किसके पास रहा और कौन लोग उसके साथ इन घटनाओं में जुड़े हुए थे। हर पहलु को पुलिस खंगालेगी। हालांकि जब पुलिस ने आरोपी को पंजाब क्षेत्र से गिरफ्तार किया तो वह अपने परिवार के साथ रहता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी संजय 12वीं पास है। इसके साथ वह 400 मीटर दौड़ का खिलाड़ी रहा है। उसने नेशनल स्तर तक खेलों मेंं भाग लिया हुआ है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी संजय को काबू किया है।
बीती 12 अक्तूबर 2014 को संजय ने अपने साथियों के साथ नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव गुसांईआना के पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से पिस्तौल के बल पर 33,800 की लूटपाट व डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना को अंजाम देने वाले दूसरे आरोपियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जिला पुलिस की ओर से लगातार दबिश दी जा रही थी, परंतु आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
-
हिसार में तीन और फतेहाबाद में चार मामलों में वांछित
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने बताया आरोपी संजय हिसार में लूटपाट तथा डकैती के तीन मामलों में वांछित है। उस पर 50 हजार का इनाम रखा हुआ है। वहीं फतेहाबाद पुलिस को भी आरोपी संजय की लूटपाट, जानलेवा हमला तथा चोरी सहित चार मामलों में तलाश है। फतेहाबाद पुलिस ने भी संजय पर पांच हजार रुपये का इनाम रखा हुआ है। उन्होंने बताया कि राजस्थान के रावतसर थाना में भी संजय के खिलाफ लूटपाट का अभियोग वर्ष 2015 में दर्ज हुआ था उस मामले में उसके ऊपर 2 हजार का इनाम रखा गया था। काबू किए गए आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में फतेहाबाद, हिसार तथा राजस्थान की रावतसर पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है।