हरियाणा के सिरसा के कालांवाली क्षेत्र में सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे गैंगवार में दो युवकों की हत्या कर दी गई, जबकि उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वारदात के कुछ समय बाद जग्गा नामक शख्स ने सोशल साइट पर पोस्ट कर लिखा है- बदला ले लिया। सूचना मिलने के बाद एसपी डॉ. अर्पित जैन ने मौके का मुआयना किया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है और जिले में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस रंजिश के कारणों का भी पता लगाने में जुटी हुई है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि कालांवाली निवासी दीपक उर्फ दीपू पुत्र सीताराम (35) व बिंद्र उर्फ दीपू (25) अपने साथी प्रेमजीत और अमन के साथ शाम को गाड़ी में सवार होकर देसू रोड पर जा रहे थे। रास्ते में ही बदमाशों ने इनकी गाड़ी के सामने अपनी गाड़ी लगा दी। इसके बाद उक्त गाड़ी में सवार बदमाशाें ने अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
इसमें दीपक उर्फ दीपू और बिंद उर्फ दीपू की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे प्रेमजीत और अमन घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। लोगों का कहना है कि फायरिंग दोनों तरफ से हुई।
मृतकों और घायलों पर दर्ज हैं संगीन आपराधिक मामले
कालांवाली निवासी दीपक उर्फ दीपू और बिंद्र उर्फ दीपू के खिलाफ हत्या सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रेमजीत और अमन के खिलाफ भी कई आपराधिक केस दर्ज हैं।
पुलिस ने मौके से बरामद किए गोलियों के कई खोल
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस घटनास्थल से गोलियों के कई खोल बरामद किए हैं। गोलियां पिस्तौल से चलाई गई हैं। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लिए। घायलों को उपचार के लिए पहले कालांवाली स्थित अस्पताल में ले जाया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने घायलों को सिरसा सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस।
दीपक को आठ व बिंद्र को लगीं पांच गोलियां
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती तौर पर पता चला है कि मृतक दीपक उर्फ दीपू को आठ और बिंद्र उर्फ दीपू को पांच गोलियां लगी हैं। हमलावर फरीदाबाद नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए थे। दोनों की जग्गा नामक व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर दुश्मनी चली आ रही थी। चर्चा है कि इसी दुश्मनी के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि मृतकों को कितनी गोलियां लगी हैं, इसका सही पता तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।
पोस्ट डाल ली हत्याकांड की जिम्मेदारी
हत्याकांड के बाद जग्गा नामक व्यक्ति ने अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट डाली है। पुलिस का कहना है कि इसमें उक्त शख्स ने लिखा है कि बदला ले लिया। पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन का कहना है कि इस पोस्ट को लेकर जांच शुरू कर दी है।
घायलों के बयान से पता चलेगी सारी कहानी
कालांवाली पुलिस का कहना है कि घायलों का बयान दर्ज करने के उपरांत घटना के बारे में पूरी जानकारी मिलेगी। अभी घायल बयान देने के लिए स्थिति में नहीं हैं। शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को किया जाएगा।
देसू रोड पर सोमवार शाम को फायरिंग में गाड़ी सवार कालांवाली निवासी दीपक उर्फ दीपू और बिंद्र उर्फ दीपू की मौत हुई है, जबकि प्रेमजीत और अमन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये वारदात रंजिश के चलते हुई है। जांच के लिए पांच पुलिस टीम गठित की गई है। जग्गा नामक एक शख्स के नाम से सोशल साइट पर एक पोस्ट डाली गई है। इसकी भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतकों व घायलों के खिलाफ कई आपराधिक केस दर्ज हैं।
- डॉ. अर्पित जैन, पुलिस अधीक्षक।