नागरिक अस्पताल में बुधवार दोपहर बाद नवजात बच्चे के अपहरण का प्रयास किया गया। बच्चे की मां ने अपने पति और सास पर बच्चे के अपहरण करने का आरोप लगाया है। पीड़ित मां ने जब इसकी सूचना पुलिस को दी तो दोनों ही आरोपी मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नागरिक अस्पताल सिरसा में मौजूखेड़ा निवासी प्रवीण कौर ने मंगलवार को एक बच्चे को जन्म दिया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद जब वो अपनी मां के साथ अपने मायके जा रही थी तो प्रवीण कौर के पति व सास ने बच्चे के अपहरण करने का प्रयास किया। महिला द्वारा शोर मचाने व पुलिस को सूचित करने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला द्वारा सूचना मिलने के बाद पुलिस भी हरकत में आई और जल्द ही अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने महिला के बयान पर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला प्रवीण कौर ने बताया कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उससे दहेज की मांग करते हैं जिस कारण उसे डिलीवरी से कुछ दिन पहले ही घर से बाहर निकाल दिया। उन्होंने कहा कि आज उसकी सास व पति ने उसके बच्चे का अपहरण करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
उधर, पीड़ित महिला के भाई वीर सिंह ने बताया कि बच्चे का पिता व उसके परिजन दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन से मारपीट करते थे। उन्होंने कहा कि काफी बार पंचायतें भी हुई लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर जांच अधिकारी एएसआई दरिया सिंह ने बताया कि सिरसा के नागरिक अस्पताल में बच्चे के अपहरण का प्रयास की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि बच्चा व उसकी मां दोनों सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि महिला की शिकायत मिलने के बाद वे आगामी कार्रवाई अमल में लाएंगे।