सिरसा के हिसार रोड पर स्थित पंजाबी तड़का ढाबा पर सीएम फ्लाइंग और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा कार्रवाई की है। ढाबा संचालक की ओर से यहां पर लोगों को बिना अनुमति के शराब का सेवन करवाया जा रहा था। टीम ने ढाबा संचालक को काबू कर उसके खिलाफ सदर थाना में मामले की शिकायत दी है। पुलिस की ओर से आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने ढाबा संचालक के खिलाफ दर्ज किया है मामला
जानकारी अनुसार वीरवार देर रात को सीएम फ्लाइंग के सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार और आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने शहर के कई ढाबों की जांच की। टीम छापा कार्रवाई करते हुए शहर के हिसार रो पर स्थित पंजाबी तड़का ढाबा पर पहुंची। यहां पर उन्होंने छापा कार्रवाई की तो मौके पर कई युवक ढाबे पर शराब का सेवन करते हुए दिखाई दिए। जिसके पश्चात टीम ने ढाबा संचालक से दस्तावेजों की मांग की। लेकिन ढाबा संचालक के पास कोई भी दस्तावेज नहीं पाया गया। टीम ने संचालक को काबू कर लिया और मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी है। आबकारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने ढाबा संचालक मुकेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहर में पहले भी आ चुके है इस तरह के कई मामले
शहर के डबवाली रोड और हिसार रोड पर काफी संख्या में ढाबे चल रहे है। ढाबा संचालक लाभ लेने के चक्कर में लोगों को ढाबे में बैठकर शराब का सेवन करवाने की अनुमति दे देते है। हालांकि इससे पहले भी सीएम फ्लाइंग और आबकारी विभाग की ओर से संयुक्त रूप से छापा कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू किया गया है और उनके खिलाफ मामले भी दर्ज किए गए है। लेकिन इसके बाद भी कई ढाबा संचालकों की ओर नियमों का उल्लंघन किया जाता है।