नेशनल हाईवे स्थित घग्घर पुल के पास शुक्रवार तड़के रोडवेज बस ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार दो लोगों की मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मृतकों के परिजनों का बयान दर्ज करके बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोपहर को शवों का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव फतेहपुरिया नियामतखां निवासी भूप सिंह सब्जी बेचने का काम करता था। शुक्रवार तड़के वह अपने दोस्त रोहताश को लेकर ऑटो रिक्शा में सवार होकर सिरसा सब्जी मंडी आ रहा था। ऑटो रिक्शा नेशनल हाईवे स्थित घग्घर पुल के पास पहुंचा तो सामने से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो रिक्शा पलट गया जिससे उसमें सवार भूप सिंह व रोहताश की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर काफी देर तक जाम रहा और बस चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दुर्घटना के बारे में बताया तो गावं फतेहपुरिया नियामतखां में हर तरफ मातम पसर गया। परिजनों के साथ सैकड़ों ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। भूप सिंह पांच बच्चों का पिता था जबकि रोहताश कुछ माह पहले ही पिता बना था। पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज करके बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोपहर को शवों का पोस्टमार्टम होने के पश्चात परिजनों को सौंप दिया गया। शाम को फतेहपुरिया नियामतखा में काफी गमगीन माहौल में भूप सिंह व रोहताश का अंतिम संस्कार किया गया।