अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
डबवाली रोड स्थित एयरफोर्स स्टेशन के सामने रविवार रात सड़क पार कर रहे एयर फोर्स कर्मी को एक गाड़ी ने कुचल दिया। गाड़ी चालक मौके से भागने में कामयाब हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया।
मूल रूप से यूपी के बक्सर का निवासी 39 वर्षीय अश्वनी सिरसा एयरफोर्स स्टेशन में बतौर सार्जेंट तैनात था। रविवार रात वह सब्जी लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पार करते समय किसी तेज गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह उरोड पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने एयरफोर्स केंद्र में सूचित कर उसे अस्पताल में पहुंचाया, जहां कुछ देर बाद उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों का बयान दर्ज करके अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है। सोमवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया।
वहीं, गांव खैरेकां के पास रविवार शाम अज्ञात गाड़ी की टक्कर से घायल हुए युवक ने सोमवार सुबह उपचार मौत हो गई। जानकारी अनुसार गांव मीरपुर निवासी 14 वर्षीय युवराज गांव खैरेकां के निकट पैदल सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसके परिजनों को सूचित कर अस्पताल में पहुंचाया, जहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।