लोन दिलाने के नाम पर दो महिलाओं से हड़पे दो-दो हजार रुपये
डबवाली। शातिर ठग भोले-भाले लोगों को लूटने के लिए नई योजनाएं बनाते रहते हैं। ऐसी ही एक घटना गांव फग्गू में सामने आई है। एक अज्ञात व्यक्ति एक सप्ताह से गांव फग्गू में जाता था। उसने यहां रहने वाले गुरमीत सिंह पुत्र बग्गड़ सिंह संपर्क साधकर उसे अपनी बातों में फंसा लिया। गुरमीत सिंह गांव में पलंबर का कार्य करता है, इस कारण उसका गांव के घरों में अच्छा आना-जाना है। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को भारतीय स्टेट बैंक का अधिकारी बताते हुए गुरमीत सिंह को लोन दिलवाने का झांसा दिया। उक्त व्यक्ति ने गांव में महिलाओं के साथ बैंक मीटिंग कर उनके फोटो व अन्य दस्तावेज एकत्रित किए। इसके बाद उसने कहा कि वह प्रति व्यक्ति से दो हजार रुपयों लेकर बैंक में उनका खाता खुलवाएगा और फिर लोन स्वीकृत होने पर उनके बैंक खाते में ही लोन की राशि जमा कराई जाएगी।
सोमवार को उक्त व्यक्ति गांव फग्गू पहुंचा और गुरमीत सिंह को 90 हजार रुपये का लोन तथा बाकी गांव की 52 महिलाओं को 50-50 हजार का लोन दिलवाने का प्रलोभन देकर सभी से 2000-2000 रुपये एकत्रित कर लिए। उन्हें लेकर वह चौटाला रोड स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा में आया, लेकिन खुद फरार हो गया। महिलाओं ने शाखा प्रबंधक से बात की तो उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि ऐसा कोई व्यक्ति उनके बैंक में नहीं है, आप पुलिस को सूचित करें। गुरमीत सिंह ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी संदीप कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, लेकिन उसमें कुछ स्पष्ट नजर नहीं आ रहा।
सूचना मिलते ही मैं मौके पर पहुंचा और महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने दो-तीन बार उनके गांव में मीटिंग की और बैंक से लोन दिलवाने का वादा किया। लोन दिलवाने के नाम पर व्यक्ति ने उनसे एक लाख चार हजार रुपये लिए थे। ये मामला रोड़ी थाने के अंतर्गत का है, इस लिए इसे रोड़ी ट्रांसफर कर दिया गया है।
- संदीप कुमार, शहर थाना प्रभारी डबवाली।