विद्युत कर्मियों से मारपीट मामले में चार के खिलाफ केस दर्ज
ओढां। बड़ागुढ़ा पुलिस ने गांव सुखचैन में बिजली कर्मियों के साथ मारपीट व तोड़फोड़ करने के आरोप में एसडीओ की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। विद्युतकर्मी मंटूपाल अपने साथियों के साथ बिजली घर के निकट स्थिति कॉलोनी में लाइन ठीक करने गया था। कर्मचारी के मुताबिक जब वे लाइन ठीक करने लगे तो वहां के कुछ लोगों ने यह कहकर लाईन ठीक करने से मना कर दिया कि विद्युत लाईन उनके घरों के ऊपर से होकर गुजरती है। जिसे हटाया जाए। कर्मचारी ने बताया कि उक्त लोग कुछ देर बाद बिजली घर में आ धमके और उन्होंने उनके साथ हाथापाई करते हुए दरवाजा भी तोड़ दिया। कर्मचारियों ने मामले की जानकारी एसडीओ कालांवाली को दी। मामले की जांच कर रहे हेडकांस्टेबल सतवीर कुमार ने बताया कि पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।