सतीदादी व रामदेवरा मंदिर से चांदी के छत्र व चढ़ावे की राशि चोरी
चोपटा। गांव कुंहरिया में सती दादी व रामदेवरा मंदिर से वीरवार रात चोर चांदी के छत्र, चढ़ावे की राशि व सीसीटीवी की डीवीआर चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह मंदिर के पुजारियों को घटना का पता चला तो उन्होंने कागदाना पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कुंहारिया स्थित सती-दादी मंदिर के पुजारी रघुवीर शर्मा शुक्रवार सुबह मंदिर में पहुंचे तो स्टोर का ताला टूूटा मिला। अंदर जाकर देखा कि तो सीसीटीवी की डीवीआर गायब मिली। इसके अलावा मंदिर में चढ़ावे के चार हजार रुपये भी नहीं मिले। पुजारी ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीण एकत्रित हुए तो पास ही बने बाबा रामदेव के रामदेवरा मंदिर के पुजारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर गेट का ताला टूटा हुआ मिला है। मंदिर से छह छत्र गायब है । इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद कागदान चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मंदिर पुजारियों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।