लोगों ने चोर समझकर युवकों को पकड़ा, पुलिस ने पूछताछ कर छोड़ा
सिरसा। गुरुनानक नगर निवासियों ने कुछ युवकों को चोर समझकर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। लोग उक्त युवकों पर कार्रवाई करने को लेकर खैरपुर चौकी में हंगामा करने लगे। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी विनोद काजला मौके पर पहुंचे। इसके बाद उक्त युवकों से पुलिस ने कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में उक्त युवकों पर चोर होने का शक गलत पाया गया। इसके बाद उक्त युवकों को पुलिस ने छोड़ दिया। गुरुनानक नगर निवासियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से उनके मोहल्ले में चोरी की घटनाएं हो रही है। लोगों ने बताया कि मंगलवार रात को उन्होंने चोरी की नीयत से आए छह युवकों को पकड़ा। ये युवक हिसार रोड पर एक मकान में किराये पर रहते है। लोगों इन युवकों को खैरपुर पुलिस चौकी ले गए। चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार का कहना है कि युवकों से कड़ी पूछताछ की गई। लोगों का शक गलत निकला। इसलिए युवकों को छोड़ दिया गया।