अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। सीआईए सिरसा पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार शाम को बेगू रोड पर स्थित गिरधर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान टीम सदस्यों को काफी संख्या में नशे की गोलियां व पशुओं को लगाए जाने वाले ऑक्सोटोक्सिन की 200 एमएल की बोतलें बरामद की। पुलिस ने मेडिकल को सील कर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सीआईए सिरसा की टीम ने सीआईए प्रभारी धर्मवीर व जिला औषधि नियंत्रक राकेश छोक्कर के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर बेगू रोड पर स्थित गिरधर मेडिकल स्टोर पर छापामारी की। इस छापामारी से आसपास के मेडिकल संचालकों में भी हड़कंप मच गया और कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। टीम ने छापामारी के दौरान मेडिकल स्टोर से 350 ट्रामाजोल की प्रतिबंधित गोलियां व पशु को लगाए जाने वाले भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित किए गए इंजेक्शन की 200 एमएल की 41 बोतलें बरामद की। यही नहीं मेडिकल संचालक ने घर के पास ही गोदाम बना रखा था। जिसमें दवाएं रखी हुई थी। टीम ने मेडिकल को सील कर उसके संचालक ग्रेवाल बस्ती गली नंबर दो निवासी प्रमोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। संचालक के साथ-साथ उसके घर से हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति से पुलिस को तेजधार हथियार बरामद हुआ है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए साथ ले गई।
-सूचना के आधार पर सीआईए व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेगू रोड स्थित गिरधर मेडिकल स्टोर पर छापामारी की गई है। छापामारी में प्रतिबंधित दवाएं मिली हैं। जिसके आधार पर मेडिकल को सील कर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल संचालक ने पास ही गली में एक गोदाम बना रखा है। जहां नशीली गोलियों को छिपाकर रखा हुआ था।
-राकेश छोक्कर, जिला औषधि नियंत्रक, सिरसा।