व्यापारी से लूटपाट, छीने साढे़ आठ हजार रुपये
डबवाली। गांव देसूजोधा के समीप बाइक सवार युवक लकड़ी व्यापारी से साढे़ आठ हजार की नकदी छीनकर फरार हो गया। पीड़ित लकड़ी व्यापारी ने घटना की शिकायत पुलिस को दर्ज करवाई है। जानकारी अनुसार वार्ड 18 निवासी दर्शन सिंह पुत्र मंगल सिंह लकड़ी व्यापारी है। इसी सिलसिले में वह अपने बाइक पर सवार होकर गांवों में गया हुआ था। बुधवार शाम वापस गांव देसूजोधा के समीप पहुंचा तो बाइक सवार युवक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद बाइक सवार युवक घायल दर्शन के पास आया और धमकाकर उसकी जेब से साढे़ आठ हजार रुपये की नगदी निकाल ली। युवक के फरार होने पर दर्शन ने शोर मचाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।