अमर उजाला ब्यूरो
चोपटा।
खेेड़ी माइनर में रविवार सुबह मिले युवक के शव की पहचान होने के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चोपटा थाना में हत्या का केस दर्ज कराया है। मृतक की पहचान समीप लगते राजस्थान के गांव चिड़िया गांधी निवासी सुरेश कुमार पुत्र श्याम लाल के रुप में हुई है। मृतक के भाई शिव कुमार ने दो नामजद व अन्य के खिलाफ हत्या करके शव को नहर में फेंकने का आरोप लगाया है। चोपटा थाना पुलिस ने शिव कुमार की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल में भेज दिया है।
मृतक के भाई शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका भाई सुरेश कुमार शनिवार को अपने दोस्त राकेश कुमार, लादूराम व अन्य दोस्तों के साथ गांव में स्थित एक स्कूल में कार्यक्रम देखने की कहकर गया था। लेकिन शाम को घर नहीं लौटा। तब उन्होंने सुरेश की तलाश श्ऱू कर दी।
रविवार सुबह उन्हें पता चला की पास लगते हरियाणा के खेड़ी माइनर में एक शव मिला है। तभी वहां जाकर देखा तो शव उसके भाई का था। उसने बताया उसे आशंका है कि सुरेश के साथियों उसकी हत्या कर खेड़ी माइनर में फेंक दिया होगा। उधर कागदाना चौकी प्रभारी सतबीर सिंह ने बताया कि रविवार सुबह खेड़ी माइनर में एक युवक का शव मिलने की सूचना कागदाना पुलिस चौकी में मिली थी। मृतक की पहचान सुरेश कुमार पुत्र श्याम लाल निवासी चिड़िया गांधी तहसील भादरा राजस्थान के रुप में हुई है। चोपटा थाने में शिव कुमार की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
माइनर में मिला राजस्थान के युवक का शव, परिजनों ने दोस्तों पर कराया हत्या का केस दर्ज