व्यापारी से छह करोड़ रुपये की धोखाधड़ी
सिरसा। अनाज मंडी के एक व्यापारी को धान खरीद कर छह करोड़ की चपत लगाई गई है। शहर सिरसा पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर करनाल के निसिंग निवासी आरोपी पिता-पुत्रों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। पुरानी हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी अनुज खुराना पुत्र बलदेवराज खुराना ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि निसिंग निवासी राजेंद्र सिंगला व उसके पुत्र पंकज कुमार व मनोज कुमार के साथ उनका व्यापारिक लेनदेन वर्ष 2012-13 से था। वे सिरसा मंडी और जमींदारों से धान खरीदकर राजेंद्र सिंगला को बेचते थे। जिसके तहत उनका करीब छह करोड़ रुपये बकाया पड़ा है। व्यापारी अनुज खुराना का आरोप है कि आरोपियों से उन्होंने सेकड़ों बार बकाया राशि का भुगतान करने को कहा, लेकिन आरोपी भुगतान करने की बजाए उन्हें धमकाने लगे। पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सहारण का कहना है व्यापारी अनुज खुराना की शिकायत पर आरोपी राजेंद्र सिंगला व उसके पुत्रों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसआई वजीर सिंह को सौंपी गई है।