अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। शहर के प्रीत नगर में चोरों ने एक मकान से हजारों की नकदी व जेवरात चुरा लिए। घटना के समय परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। पुलिस ने मकान मालिक प्रकाश की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुुुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रीत नगर स्थित गली नंबर 13 निवासी प्रकाश ने बताया कि 28 जनवरी को वह एक शादी समारोह में परिवार सहित गया हुआ था। अगले दिन सुबह परिवार वापस लौटा तो मकान के गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरों में सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में से 4600 रुपये, एक सोने की चेन, एक लैपटॉप व बाहर के कमरे में बनी किराने की दुकान से खाने पीने का सामान गायब मिला। इसके बाद प्रकाश ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर तथ्य जुटाए। जांच अधिकारी लक्ष्मण सिंह का कहना है कि प्रकाश की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द से जल्द चोरों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
खन्ना कॉलोनी के दो मकानों में भी चोरी
खन्ना कॉलोनी में भी चोरों ने दो मकानों का अपना निशाना बनाते हुए जेवर व नकदी पर हाथ साफ किया। खन्ना कॉलोनी निवासी विजय कुमार ने बताया कि 25 जनवरी से 27 जनवरी तक वह परिवार सहित रिश्तेदारी में गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने मकान के ताले तोड़कर कमरे में रखी अलमारी से 15 हजार रुपये, चांदी के सिक्के, सोने की अंगूठी व एक सोने की चेन चुरा ली। 28 जनवरी को जब वे घर पहुंचे तो मेन गेट के ताले टूटे पड़े थे और कमरे की अलमारी में से नकदी व जेवरात गायब मिले। वहीं इसी कॉलोनी में रहने वाले जगजीत सिंह के घर से भी चोरों ने 1100 रुपये, एक मोबाइल व सोने की बालियां व चांदी की पाजेब चुरा ली। जगजीत का कहना है कि 26 जनवरी को वह परिवार सहित रिश्तेदारी में गया हुआ था। पीछे से चोरों ने घटना को अंजाम दिया।