आढ़ती के 25 लाख रुपये की मांग करने पर किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर की आत्महत्या
डबवाली। उपमंडल के गांव सुकेराखेड़ा निवासी एक किसान ने सोमवार अल सुबह जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान गांववासी 70 वर्षीय गुरतेज सिंह पुत्र अर्जुन सिंह के तौर पर हुई है। मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसमें मृतक ने गांव के ही एक आढ़ती, उसके भाई, पिता सहित कुल पांच लोगों पर उसे पैसों के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या का कदम उठाया। पुलिस ने सुसाइड नोट तथा मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतक के बेटे महेंद्र सिंह ने बताया कि उसका पिता खेतीबाड़ी करता था और करीब 15 वर्ष पहले गांव के ही आढ़ती लाभ सिंह पुत्र सुखदेव सिंह के साथ उनकी आढ़त चलती थी और फसल के दौरान उनका लेनदेन था। महेंद्र सिंह ने बताया कि लाभ सिंह ने उनके पिता से कहा कि वह बैंक में अपनी लिमिट बनवा ले, जिसका ब्याज कम पड़ता है। इसके बाद लाभ सिंह के कहने पर उसके पिता ने बैंक में लिमिट बनवा ली, लेकिन उनका आपसी लेन-देन चलता रहा। इस दौरान लाभ सिंह ने उसके पिता से चेकबुक रखवाकर कुछ चेकों पर हस्ताक्षर करवा लिए। महेंद्र सिंह ने बताया कि उसके पिता ने करीब चार साल पहले आढ़ती लाभ सिंह को पैसे देकर अपना लेनदेन बंद करवा लिया। जिसके बाद उनका आढ़ती लाभ सिंह के साथ कोई हिसाब-किताब नहीं रहा।
बाद में आढ़ती ने उसके पिता के हस्ताक्षर किए हुए चेक बैंक में लगा दिए और उनसे लगभग ब्याज सहित 25 लाख रुपये की राशि की मांग करने लगे, जबकि उनका इतने पैसों का हिसाब था ही नहीं। जिसके बाद से उक्त लोग उसके पिता को प्रताड़ित करने लगे तथा बार-बार जेल भिजवाने की धमकी देने लगे। जिस कारण उसका पिता गुरतेज सिंह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। बीती रात्रि वह सभी खाना खाकर अपने अपने कमरों में जाकर सो गए। रात्रि करीब दो बजे उसके पिता गुरतेज सिंह ने उनकी माता मलकीत कौर को उठाया और उसे चाय बनाने के लिए कहा। इस दौरान उसके पिता गुरतेज सिंह की हालत बिगड़ने लगी, जब उसकी माता ने पूछा की क्या हुआ तो उसने बताया कि उसने उक्त लोगों से तंग आकर स्प्रे का सेवन कर लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि उसकी जेब में एक सुसाइड नोट रखा है। उसकी माता के शोर मचाने पर वह कमरे में आया। इस दौरान आस-पड़ोस के लोग भी एकत्रित हो गए और उसके पिता को उपचार के लिए डबवाली के सामान्य अस्पताल लेकर आए, लेकिन यहां पहुंचने से पहले ही रास्ते में गुरतेज सिंह ने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर डबवाली के सामान्य अस्पताल पहुंचे थाना सदर के एएसआई प्रेम कुमार ने आवश्यक कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
वर्जन
मृतक की जेब से मिले सुसाइड नोट तथा मृतक के बेटे महेंद्र सिंह के बयानों के आधार पर आढ़ती लाभ सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, उसके पिता सुखदेव सिंह पुत्र चुघा सिंह, मेजर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, राजेंद्र सिंह पुत्र मेजर सिंह व राजेंद्र पुत्र काशी राम के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई प्रेम कुमार, थाना सदर डबवाली।