गुरुद्वारे की गुल्लक से हजारों की नकदी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो ओढां। क्षेत्र के गांव मत्तड़ में स्थित गुरु घर गुरुद्वारे से चोर गुल्लक का ताला तोड़कर हजारों रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। सुबह गुरुद्वारे के ग्रंथी को घटना के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके से तथ्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गुरुद्वारे के ग्रंथी सरवण पुत्र करम सिंह ने बताया कि वह एक साल से गुरुद्वारे में ग्रंथी के तौर पर काम करता आ रहा है। मंगलवार को वह गुरुद्वारे का गेट बंद कर घर चला गया। सुबह करीब साढ़े तीन बजे जब वह गुरुद्वारे पहुंचा तो देखा कि गुरुद्वारे में रखे गुल्लक का ताला टूटा पड़ा था और करीब 7 से 8 हजार रुपये की नकदी गायब थी। उसने पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया। पुलिस ने मौके से तथ्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि गुरुद्वारे के ग्रंथी ने चोरी के बारे में सूचना दी थी। इसके बाद मौके पर जाकर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया।