पैसा न देने पर एमबीए छात्र को किया अगवा
नाराज छात्रों ने घेरी पुलिस चौकी, दो घंटे बाद मिला छात्र
अमर उजाला ब्यूरो
फाफामऊ। परीक्षा देकर घर लौट रहे एमबीए छात्र की बाईक एक कार से टकरा गई। कार सवार छात्र से हर्जाना मांगने लगे। छात्र ने इंकार किया तब उसे कार में घसीटकर बैठा लिया और भाग खड़े हुए। सूचना मिलने पर सक्रिय हुई पुलिस ने किसी तरह छात्र को छुड़ाया।
थाना धूमनगंज के बमरौली निवासी छात्र अखिलेश पाण्डेय यूनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज में एमबीए अंतिम वर्ष का छात्र है। इस समय एमबीए की परीक्षा चल रही है, जिसका सेंटर बीबीएस कॉलेज गद्दोपुर आया है। गुरूवार को छात्र परीक्षा समाप्त होने के बाद बाईक से घर लौट रहे थे। एक बाईक पर अखिलेश पांडेय एवं शिवम पांडेय बैठे थे। जैसे ही वह शांतिपुरम तिराहे पहुंचे उनकी बाइक की एक कार से टक्कर हो गई। इससे बाइक पर बैठा शिवम घायल हो गया और कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर कार सवारों ने उसकी मरम्मत के लिए पैसा मांगना शुरु कर दिया। जब अखिलेश ने पैसा देने से मना किया तब विवाद शुरु हो गया। कार सवार उसे जबरन घसीटकर कार में बिठाकर भाग खड़े हुए। वहां मौजूद दूसरे छात्रों ने घटना की सूचना तुरंत फाफामऊ पुलिस को दी। स्थानीय लोगों ने छात्रों को बताया कि एक गिरोह यहां सक्रिय है, जो वाहन में टक्कर मारने के बाद कार की मरम्मत के नाम पर हजारों रूपये वसूलते हैं। छात्रों ने पुलिस को यह बात बताई। पड़ताल के बाद पुलिस कार सवारों के एक साथी तक पहुंच गई। चौकी इंचार्ज संतोष कुमार सिंह ने मोबाइल पर छात्र को छोड़ने का दबाव बनाया, इस पर घबड़ाए कार सवारों ने करीब दो घंटे बाद छात्र को छोड़ दिया। उधर, घायल छात्र शिवम को बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।