जीजा के घर सेंध लगाकर लाखों रुपये चुराने वाले साले व सहयोगी को मिली जमानत
सिरसा।
बेगू रोड स्थित परमार्थ कालोनी में जीजा के घर सेंध लगाकर साढ़े नौ लाख रुपये चुराने वाले आरोपी साले को शुक्रवार दोपहर अदालत ने जमानत दे दी। सीजेएम कोर्ट ने आरोपी केशव अरोड़ा व उसके साथी प्रेम को 40-40 हजार मुचलके पर जमानत दी है। जानकारी के अनुसार परमार्थ कालोनी निवासी बलवंत नामक व्यक्ति के मकान में 23 अप्रैल को 22 लाख की चोरी हो गई थी। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित दिल्ली में किसी शादी समारोह में गया हुआ है। आसपास के लोगों ने सुबह मकान के ताले टूटे देखे तो मकान मालिक को सूचित किया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने अंदर जाकर सामान संभाला तो मकान के अंदर अलमारी में रखी नकदी गायब थी। एएसपी नरेंद्र बिजारनिया ने इस मामले की जांच सीआईए को सौंप दी। जांच के दौरान मकान मालिक बलवंत का सगे साले केशव को पुलिस ने हिरासत में लिया। पूछताछ में केशव ने खुलासा किया कि की अलमारी में 22 लाख की बजाए साढ़े नौ लाख रुपये की नगदी थी। उसका जीजा झूठ बोल रहा है, जीजा से नाराजगी के चलते उसने चोरी की। आरोपी केशव ने पुलिस को बताया कि चोरी के रुपयों से उसने 7790 रुपये का मोबाइल खरीदा, 500 रुपये का सिम, नौ हजार रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए, 1500 रुपये के जूते व 900 रुपये कपड़े खरीदे हैं। दो लाख रुपये उसने अपने दोस्त प्रेम निवासी चंडीगढिया मोहल्ला निवासी प्रेम को दिए। प्रेम भी उसके साथ चोरी करने में शामिल था।