अमर उजाला ब्यूरो
रानियां।
नगर में अति व्यस्त रहने वाले मेन बाजार में दोपहर एक बजे अचानक बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लग गई जिससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई लेकिन बिजली होने के कारण पानी से आग बुझाना संभव नहीं था। दमकलकर्मी बिना आग बुझाएं ही वापस लौटना पड़ा। बाद में कर्मचारियों ने सप्लाई काट दी और आग बुझने का इंतजार करके ही ट्रांसफार्मर की मरम्मत की।
मेन बाजार में सड़क के किनारे जमीन से थोड़ी ऊंचाई पर रखे ट्रांसफार्मर पर जब जोरदार स्पार्किंग के साथ आग लगी तो आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दमकल कर्मचारियों के लौटने के बाद बिजली कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बाजार की बिजली काट दी जिसके कारण बड़ा हादसा तो टल गया लेकिन बिजली सप्लाई बाधित हो गई। यह अगा उस समय ट्रांसफार्मर में लगी जब सड़क से वाहनों की व पैदल चलने की खूब आवाजाही थी लेकिन गनीमत यह रही कि आग की चपेट में कोई वाहन नहीं आया और लोगों ने राहत की सांस ली।
दुकानदार बिटू कामरा, राजकुमार, इंद्र सोनी, पवन बांसल, ललित पबरेजा, नानक पोपली सहित अन्य दुकानदारों ने बताया कि बिजली निगम के कर्मचारियों ने नियमों को ताक पर रखते हुए बिजली के ट्रांसफार्मरों को जमीन से केवल कुछ ही ऊंचाई पर रखा हुआ है। इसके कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अनेक बार निगम के कार्यालय में लिखित शिकायत देकर इसका समाधान करनी मांग की है लेकिन अभी तक उनकी समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। दुकानदारों ने मांग की हैं उनकी समस्या का समाधान करवाया जाए।
----------------------
बिजली के ट्रांसफार्मर में लगी आग, बिना आग बुझाए वापस लौटे दमकलकर्मी
बिजली का मामला होने के कारण आग पर पानी डालना नहीं था संभव