विद्युत पोल से टकराया अनियंत्रित ट्रैक्टर, दो गंभीर
सिरसा। सिरसा-भादरा मार्ग पर रात्रि को गोगामेड़ी से लकड़ियां लेकर सिरसा आ रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रोड किनारे लगाए बिजली के पोल से टकरा गया। इस हादसे में जहां विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं ट्रैक्टर सवार दो व्यक्तियों को गंभीर चोटें आई है। आसपास के लोगों ने दोनों को डेरा अस्पताल में पहुंचाया। जहां से उन्हें सिरसा रेफर कर दिया गया। सिरसा नागरिक अस्पताल से उपचार के बाद दोनों को निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। दोनों घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
जानकारी अनुसार राजस्थान के गोगामेड़ी निवासी प्रहलाद व चानण सिंह, जोकि लकड़ियों की खरीदने-बेचने का काम करते हैं। बुधवार रात्रि को दोनों लकड़ियों को ट्राली में भरकर बेचने सिरसा आ रहे थे। इस दौरान नया डेरा सच्चा सौदा व गांव बेगू के बीच में अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रोड किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराया। टक्कर लगने से विद्युत पोल के कई टुकड़े हो गए और विद्युत तारें टूटकर दोनों पर आ गिरी। पोल गिरने के चलते दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई। आसपास के लोगों ने हादसे को देखकर दोनों घायलों को उठाकर पहले डेरा के अस्पताल में पहुंचाया। जहां से गंभीर स्थिति होने पर दोनों को सिरसा नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां से भी प्राथमिक उपचार के बाद गंभीरावस्था के चलते दोनों को निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। दोनों घायलों की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।