पेटीएम के माध्यम से बैंक खाते से निकाले 36600 रुपए, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। गांव ख्योंवाली और हाल निवासी हुडा सेक्टर 20 निवासी एक व्यक्ति के खाते से पेटीएम से 36600 रुपए निकालने का मामला सामने आया है। उपभोक्ता ने पहले बैंक अधिकारियों से बातचीत की। लेकिन उन्होंने कोई संतुष्टिजनक उत्तर नहीं दिया। मंगलवार शाम को उसने पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस को दी शिकायत में रमेश कुमार ने बताया कि सांगवान चौक पर स्थित निजी बैंक की ब्रांच में उसका खाता है। रमेश कुमार ने बताया कि अप्रैल 2017 से अज्ञात व्यक्ति पेटीएम से राशि निकलवा रहा है। कुछ समय पूर्व ही उसे इस बारे पता चला। जिसके बाद उसने बैंक में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत दर्ज करवाने के बाद बैंक मैनेजर ने एटीएम व मोबाइल नंबर बदलने की सलाह दी। एटीएम व मोबाइल नंबर बदलने के बाद भी उसके खाते से पैसे की निकासी होती रही। उसके खाते से कुल 36600 रुपये निकाले गए। उसने फिर से बैंक अधिकारियों को शिकायत दी। जिस पर अधिकारियों ने कहा कि वे कुछ नहीं कर सकते, आप अपना खाता बंद करवा दो। मंगलवार को हारकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। जांच अधिकारी सुभाष ने बताया कि रमेश कुमार ने बैंक खाते से पेटीएम से पैसे निकालने की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उचित कार्रवाई की जाएगी।