डबवाली (सिरसा)।
डबवाली क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार रात को एक बार फिर हथियारबंद लुटेरों ने हैफेड के गोदाम पर हमला बोला। वहां मौजूद चौकीदारों को बंधक बनाकर लुटेरे लाखों की कीमत के 953 गेहूं के बैग ट्रकों में लादकर चंपत हो गए। डीएसपी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। लुटेरों की तलाश में जिन्हें हरियाणा, पंजाब और राजस्थान रवाना किया गया है।
गांव चौटाला में हैफेड का गेहूं का गोदाम है। शनिवार को गोदाम में अनिल कुमार और गुरपाल सिंह दोनों चौकीदार के रूप में अपनी ड्यूटी कर रहे थे। दोनों चौकीदारों के बयान के अनुसार शनिवार रात साढ़े 11 बजे 20-25 व्यक्ति दो ट्रकों में भरकर गोदाम में घुस आए और आते ही उन्होंने दोनों को रस्सियों से बांध दिया। इस दौरान उपरोक्त सभी लोगों ने गोदाम में भरे गेहूं के 953 बैग निकालकर उन्हें ट्रकों में भर लिया। उक्त व्यक्तियों ने गेहूं के गोदाम से गेहूं के बैग सुबह साढ़े चार बजे तक ट्रकों में लादे। उसके बाद वे मौके से फरार हो गए।
बाद में जब ग्रामीण रविवार सुबह उठे तो उन्हें गोदाम से चौकीदारों के चिल्लाने की आवाजें आईं। ग्रामीणों ने तुरंत गोदाम में जाकर दोनों चौकीदारों की रस्सियों से मुक्त कराया। मुक्त होते ही चौकीदारों ने अपने हैफेड के प्रबंधक संदीप पूनिया को सूचना दी।
संदीप पूनिया ने फौरन मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी की मगर लुटेरों की कहीं कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। माना जा रहा है कि अज्ञात लोगों द्वारा चोरी किए गए गेहूं की कीमत लाखों रुपये में है। अधिकतर लुटेरों के पास कांपे थे और एक के पास पिस्तौल थी। शोर मचाने पर चौकीदारों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।
उधर, मौके पर पहुंचे चौटाला चौकी प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि पहरेदारों की शिकायत पर लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि डीएसपी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है और हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में रवाना हो गई है।