बाइक सवार से छीना मोबाइल
सिरसा। शहर के बरनाला रोड पर स्थित भूमणशाह चौक के निकट रविवार शाम बाइक सवार तीन युवक दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों से मोबाइल छीनकर ले गए। युवकों ने बाइक सवार युवकों का काफी दूरी तक पीछा भी किया। लेकिन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई।
पुलिस को दी शिकायत में सिरसा के भीम नगर स्थित प्रतापगढ़ निवासी अभिमन्यु ने बताया कि रविवार की सांय को वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर भूमणशाह चौक पर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर ले गए। उसने काफी शोर भी मचाया और युवकों का काफी दूरी तक पीछा भी किया। लेकिन युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों की तलाश की। लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं लगा। जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि सांय को मोबाइल छीनने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर निरीक्षण किया गया। युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।