चलती बस में बैग से सवा लाख रुपये की चोरी
सिरसा। सिरसा बस स्टेंड से बरवाला के लिए रवाना हुई एक महिला के बैग से अज्ञात व्यक्त ने एक लाख 20 रुपये की नकदी और तीस हजार रुपये कीमत की सोने की अंगूठी चुरा ली। डिंग पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। खैरपुर निवासी अविनाश रानी ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि 21 मई की सायं लगभग साढ़े पांच बजे वह सिरसा बस स्टैंड से बरवाला के लिए बस पर चढ़ी। उसके पास दो बैग थे। बस में भीड़ होने की वजह से एक बैग उसने अपने पैरों पर नीचे रखा और एक बैग अपने पास ही रखा था। कुछ देर बाद जब उसने अपना बैग संभाला तो बैग से एक लाख 20 हजार रुपये की नगदी और सोने की अंगूठी को नदारद पाया। महिला ने बताया कि बस में एक पीली टी शर्ट पहने युवक की गतिविधियों पर उसे शक है। वह युवक बस के डिंग मोड़ पहुंचने पर जल्दी-जल्दी उतर गया था। डिंग पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।