बाइक सवार दो युवकों ने महिला के कानों की बालियां झपटी
कालांवाली। शहर में लूटपाट की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं। वीरवार को शहर में बाइक सवार दो युवक एक महिला के कानों की बालियां झपट कर फरार हो गए। रेलवे स्टेशन के पास वार्ड सात की गली गुरुदत्त वाली की निवासी लगभग 50 वर्षीय महिला सरोज रानी ने बताया कि वह दोपहर को लगभग ढाई बजे एक पड़ोसी महिला के साथ घर के बाहर धूप में बैठी थी कि उनसे कुछ दूरी पर एक बाइक पर दो युवक आए। जिनमें से एक युवक बाइक पर बैठा रहा। जबकि एक युवक उनकी तरफ आया और झपटा मारकर उसके दोनों कानो की बालियां छीनकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। महिला ने बताया कि उसने काफी शोर भी मचाया था। आस पास के लोगों ने भी बाइक का पीछा किया था लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। घटना का पता चलने पर उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।