प्रेमी जोड़े ने घग्गर में लगाई छलांग
सिरसा। क्षेत्र के गांव बप्पां निवासी एक प्रेमी जोड़े ने मंगलवार की सांय को गांव खैरेकां के निकट घग्गर में छलांग लगा दी। दोनों को छलांग लगाते आसपास के लोगों ने देख लिया। लोगों ने तुरंत तैराक युवकों की मदद से दोनों की तलाश की। कुछ देर तलाश करने के बाद युवती तो मिल गई। लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लगा। आसपास के लोगों ने युवती को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया। युवती की हालत सामान्य है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जानकारी अनुसार गांव बप्पां निवासी युवती ने बताया कि वह गांव मे ही एक निजी अस्पताल में काम करती है। गांव के ही एक युवक के साथ उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा है। मंगलवार की बाद दोपहर को फोन कर युवक को बुलाया। युवती ने कहा कि जीते जी वे एक-दूसरे के नहीं हो सकते। लेकिन एक साथ मर तो सकते हैं। हालांकि युवक ने युवती को काफी समझाया। लेकिन युवती नहीं मानी। युवती की जिद्द के आगे युवक को भी मजबूर होकर उसका साथ देने के लिए हामी भरनी पड़ी। सांय करीब साढ़े पांच बजे दोनों ने घग्गर नहर में छलांग लगा दी। दोनों को छलांग लगाते आसपास के लोगों ने देख लिया। लोगों ने तुरंत कुछ तैराक युवकों को बुलाकर दोनों की तलाश शुरू की। कुछ ही दूरी पर युवती तो मिल गई। लेकिन युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक की तलाश के लिए गोताखोर बुलाए। देर सांय तक गोताखोरों की तलाशी के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। थाना प्रभारी जगदीश जोशी ने बताया कि प्रेमी जोड़े के घग्गर नहर में कूदने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को बुलाया गया है। युवक की तलाश जारी है।