अमर उजाला ब्यूरो
ओढां।
रोड़ी अनाज मंडी से कालांवाली के लिए गेहूं भरकर चला ट्रक रोड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राजस्थान क्षेत्र के अनूपगढ़ के रेलवे स्टेशन से लावारिस अवस्था में खड़ा बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक मालिक भूरा सिंह को साथ लेकर ट्रक की पहचान करते हुए कब्जे में लिया है। जांच पड़ताल के दौरान पाया कि ट्रक चालक ने गेहूं के काफी बैग बेच दिए और खाली बारदाना ट्रक में ही छोड़कर फरार हो गया।
गौरतलब हो कि शुक्रवार देर सायं रोड़ी पुलिस ने लिफ्टिंग ठेकेदार जगदेव सिंह की शिकायत पर ट्रक चालक कालियांबंगा निवासी सोनू सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। ठेकेदार जगदेव सिंह के अनुसार उसने रोड़ी में हरियाणा वेयर हाउस का उठान का ठेका ले रखा है। उसने बीती 18 अप्रैल की सांय करीब साढे़ 6 बजे 540 बैग गेहूं से भरा ट्रक मंडी कालांवाली के लिए रवाना किया था। ट्रक जब यथास्थान पर नहीं पहुंचा तो उसने जांच पड़ताल करते हुए चालक के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया लेकिन उसका मोबाइल बंद पाया, जिसके बाद ठेकेदार ने ट्रक चालक सोनू सिंह केे खिलाफ रोड़ी थाना में शिकायत दर्ज करवाई। ठेकेदार के मुताबिक ट्रक में 270 क्विंटल गेहूं थी जिसकी कीमत 4 लाख 68 हजार 450 रुपये है। पुलिस ने ट्रक मालिक सरदूलगढ़ निवासी भूरा सिंह से भी पूछताछ करते हुए चालक के बारे में जानकारी ली। रोड़ी थाना के एएसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की तो पाया कि उक्त ट्रक राजस्थान के अनूपगढ़ रेलवे स्टेशन के निकट लावारिस अवस्था में खड़ा है। पुलिस ट्रक मालिक को साथ लेकर ट्रक की पहचान कर उसे कब्जे में लेकर रोड़ी थाना में ले आई। पुलिस ने जब गेहूं की जांच की तो उसमें 540 में से 222 बैग गेेहूं बरामद हुआ, जबकि 318 बैग गेहूं चालक बेचकर फरार हो गया। बेची गए गेहूं की कीमत 2 लाख 75 हजार 865 रुपये की है। सामने आया है कि चालक सोनू सिंह अपराधी किस्म का व्यक्ति है। उसके खिलाफ थाना पीलियांबंगा में चोरी, आर्म्स एक्ट और लड़ाई झगड़े के 4-5 मुकदमें दर्ज हैं। मुकदमों में भगोड़ा होने के चलते वह राजस्थान छोड़कर पंजाब के सरदूलगढ़ में कुछ दिन पूर्व ही भूरा सिंह के ट्रक पर चालक की नौकरी करने लगा था। रोड़ी वेयर हाउस के इन्चार्ज सुमेर सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्ट का कार्य जगदेव सिंह का है। उनका इसमें कोई लेना देना नहीं है। उसके पास तो जो माल आता है वह उसकी इंट्री कर उसका पूरा रिकॉर्ड रखता है। वहीं रोड़ी पुलिस द्वारा इस घटना को मात्र 13 घंटे में ट्रेस करने के लिए ठेकेदार जगदेव सिंह ने पुलिस की प्रशंसा की है।
बॉक्स
मेरे पास रोड़ी में लिफ्टिंग का कार्य है। मैंने 18 अप्रैल को करीब साढे़ 6 बजे 540 बैग भरा ट्रक कालांवाली गोदाम के लिए रवाना किया था। जब हमने जांच की तो उक्त ट्रक वहां पहुंचा ही नहीं। ट्रक को सोनू चला रहा था। ये ट्रक हमारे पास ट्रांसपोर्ट में 16 अप्रैल को ही आया था। घटना के दिन 18 अप्रैल को चालक ने दिनभर में स्पेशल के लिए दो चक्कर लगाए थे। सायं उसे कालांवाली के लिए रवाना किया था।
-जगदेव सिंह, ठेकेदार।