अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
डेरा सच्चा सौदा प्रबंधन कमेटी की चेयरपर्सन विपसना इंसां व वाइस चेयरपर्सन डॉ. पीआर नैन की तलाश में सिरसा और पंचकूला एसआईटी ने वीरवार को बड़े स्तर पर डेरा में छापेमारी की। डेरा प्रबंधन के दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ एसआईटी ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर रखे हैं।
विपसना इंसां व डॉ. नैन गिरफ्तारी से बचने के लिए काफी अरसे से फरार हैं। वीरवार दोपहर से लेकर शाम तक एसआईटी की टीमों ने डेरा सच्चा सौदा में घंटों तलाशी अभियान चलाया। डेरा के अंदर काफी जगहों पर छानबीन करने के बाद भी दोनों पदाधिकारियों का कोई सुराग एसआईटी के हाथ नहीं लगा। पंचकूला हिंसा के बाद से फरार चल रहे आदित्य इंसां के बाद अब फरार हो चुकी विपसना इंसां व डॉ. पीआर नैन एसआईटी के लिए सिर दर्द बन चुके हैं। आदित्य के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने पांच लाख रुपये का ईनाम घोषित कर दिया। अगर विपसना व डॉ. नैन अगले कुछ दिनों तक गिरफ्त में नहीं आते तो एसआईटी इनके ऊपर भी ईनाम घोषित करने के बारे में सोच रही है। लापता हुए डॉ. नैन ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अंतरिम जमानत लेने की तैयारी कर रखी है। बुधवार को सिरसा सेशन कोर्ट में अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की जानी थी लेकिन अब सीधा हाईकोर्ट में याचिका लगाने की तैयारी की गई है। डेरा सच्चा सौदा में छापेमारी करने के बाद एसआईटी की टीमें खाली हाथ वापस लौट आईं। पंचकूला एसआईटी की एक टीम इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में काफी समय से सिरसा में डेरा डाले हुए है, लेकिन उसे विपसना इंसां का कोई सुराग अभी तक नहीं लगा है।
ईनाम घोषित करने पर विचार किया जाएगा
एसआईटी की टीमों ने डॉ. पीआर नैन को गिरफ्तार करने के लिए डेरा सच्चा सौदा में जाकर छापेमारी की है। अगर अगले कुछ दिनों तक डॉ. नैन गिरतार नहीं होता तो उसके ऊपर ईनाम घोषित करने पर विचार किया जा सकता है। एसआईटी डॉ. नैन की तलाश में जी जान से जुटी हुई है।
-अजय शर्मा, डीएसपी एवं एसआईटी इंचार्ज सिरसा।
विपसना और डॉ. नैन की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी ने डेरा में की छापेमारी
डेरा खंगालने के बाद भी नहीं चला दोनों का पता, दोनों पर ईनाम घोषित करने पर किया जा रहा है विचार