होमगार्ड जवान की बस चालक ने फाड़ी वर्दी
सिरसा। बस स्टैंड के पास ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे होमगार्ड जवान को रोडवेज के एक बस चालक ने थप्पड़ जड़ते हुए उसकी वर्दी फाड़ डाली। होमगार्ड जवान ने वीरवार शाम को ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए एक साइड से यातायात रोक दिया था। घटना के बाद होमगार्ड जवान रजनीश ने ट्रैफिक एसएचओ को घटना सूचना देकर बस अड्डा चौकी में अपनी शिकायत दी। शिकायत देने के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों पक्षों को पुलिस थाने में बुलाया।
थाने में पुलिस ने शिकायतकर्ता होमगार्ड रजनीश पर समझौते का दबाव बनाया, लेकिन होमगार्ड जवान ने समझौता करने से मना कर दिया। समझौता नहीं करने पर पुलिस विभाग ने रजनीश को नौकरी से हटा दिया। रजनीश का कहना है कि उसे नौकरी से हटाए जाने का दुख नहीं, दुख तो इस बात का है कि ऑन ड्यूटी खाकी वर्दी फाड़ने वाले बस चालक के खिलाफ खाकी पहनने वाले पुलिस अधिकारियों कोई सख्त एक्शन नहीं लिया। उलटा उस पर ही राजीराम करने का दबाव बनाया गया। इस संबंध में बस स्टैंड चौकी प्रभार जयवीर का कहना है कि आरोपी बस चालक हरफूल के खिलाफ शांति भंग करने का चालान किया गया है।