मरीज के साथ आई युवती को शराब पीने का निमंत्रण देने पर युवक को पीटा
सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल वार्ड में दाखिल एक नशेड़ी युवक ने सोमवार रात को वार्ड में जमकर हंगामा किया। स्टाफ सदस्यों को जब घटनाक्रम का पता चला तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस के आने से पूर्व युवक अस्पताल के वार्ड से भाग गया। युवक के जाने के बाद अन्य मरीजों व स्टाफ सदस्यों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार युवक ने सरेआम सामने के बेड पर दाखिल मरीज के साथ आई युवती को शराब पीने का निमंत्रण दिया। इसपर युवती ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। स्टाफ सदस्यों के मुताबिक ऐलनाबाद का युवक अस्पताल में दो दिन पूर्व लड़ाई-झगड़े के केस में रेफर होकर आया था। यहां आनेे के बाद वह रात को रोजाना वार्ड में शराब का सेवन करता था और नशे की हालत में दूसरे मरीजों को भी परेशान करता था। सोमवार रात्रि को भी उसने शराब के नशे में पहले वार्ड में जमकर हंगामा किया। इसके बाद उसके सामने के बेड पर ही दाखिल एक मरीज के साथ आई युवती को शराब पीने का निमंत्रण दिया। इससे गुस्साई युवती ने कुछ अन्य लोगों की मदद से युवक की पकड़कर छित्तर परेड कर दी। हंगामे की सूचना पर स्टाफ सदस्य भी पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक नहीं माना। परेशान स्टाफ सदस्यों ने पुलिस को सूचित किया। इससे पहले की पुलिस पहुंचती युवक अस्पताल से फरार हो गया। हालांकि पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। लेकिन तब तक युवक वहां से भाग चुका था। युवक के जाने के बाद स्टाफ सदस्यों व अन्य मरीजों ने राहत की सांस ली।
कोट्स
इस घटना के संबंध में मेरे पास कोई सूचना नहीं है। अगर ऐसा कोई मामला है तो पता करवाया जाएगा।
-डॉ. गोबिंद गुप्ता, सिविल सर्जन सिरसा।