अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। कीर्ति नगर में सोमवार रात एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार कीर्ति नगर निवासी 25 वर्षीय रजत एक दुकान में काम करता था। पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से परेशान था। सोमवार रात अधिक तनाव में आकर उसने अपने कमरे में खुद को फांसी लगा ली। मंगलवार सुबह परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो रजत पंखे पर लगाए फंदे पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए। घटना की सूचना मिलने पर कीर्ति नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। कीर्ति नगर चौकी इंचार्ज बलवान का कहना है कि मृतक के परिजनों का बयान दर्ज करके इस मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।