नहरी पानी की चोरी रोकने पर किया जानलेवा हमला, केस दर्ज
चोपटा। नहरी विभाग के एसडीओ की शिकायत पर चोपटा थाना पुलिस ने गांव दड़बाकलां के कुछ लोगों पर मारपीट व जानलेवा हमला करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में नहरी विभाग के एसडीओ दीपक कुमार ने बताया कि सरकार के आदेश हैं कि हर किसान के खेत को पानी मिलना चाहिए। कहीं भी पानी की चोरी नहीं होनी चाहिए। जिसके लिए विभाग की ओर से स्पेशल निरीक्षण टीम भी बनाई गई है। 21 सितंबर की रात्रि को उनके नेतृत्व में टीम बरूवाली नहर पर गश्त पर थी। इसी दौरान चोपटा के निकट गांव दड़बा कलां निवासी अरविंद उर्फ शास्त्री अपने कुछ मजदूरों के साथ पाइप लगाकर पानी की चोरी कर रहे थे। टीम सदस्यों ने जब मौके पर जाकर पाइप उखाड़ने का प्रयास किया तो अरविंद व उसके साथियों ने न केवल कामकाज में बाधा डाली। बल्कि टीम सदस्यों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने चोपटा थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और टीम सदस्यों ने वहां लगाए गए पाइप उखाड़कर गाड़ी में डाल लिया। पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर अरविंद व उसके साथियों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई विजेंद्र सिंह ने बताया कि रात्रि को नहरी विभाग के एसडीओ दीपक कुमार ने दड़बा कला निवासी अरविंद उर्फ शास्त्री पर पानी चोरी करने से रोकने पर मारपीट व जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए थे। जिसके बाद टीम ने मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसडीओ की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
आरा व्यापारी के कार्यालय से 15 हजार रुपये चोरी
कालांवाली। शहर में रोड़ी फाटक के निकट एक आरा व्यापारी के कार्यालय से चोर रात्रि को ताला तोड़कर 15 हजार रुपये और कुछ कागजात चोरी कर ले गए। सुबह जब वह कार्यालय में पहुंचा तो उसे घटना बारे पता चला। जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया और तथ्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सुरेश कुमार पुत्र सतपाल निवासी वार्ड नंबर 6 कालांवाली ने बताया कि उसका रोड़ी फाटक के निकट हुडा क्षेत्र में आरा मशीन लगी हुई है। यहीं पर उसने अपना एक कार्यालय बनाया हुआ है। 23 सितंबर की रात्रि को वह कार्यालय को बंद कर रोजाना की भांति घर चला गया। सुबह आया तो कार्यालय का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान बिखरा पड़ा था। मौके पर ताला तोङने वाले औजार भी पड़े थे। कार्यालय में रखी गई माता की ज्योत के करीब 15000 रुपये की राशि पड़ी थी। जोकि गायब थी। यही नहीं कार्यालय के काउंटर में पड़े कुछ जरूरी दस्तावेज भी गायब थे। उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया और तथ्य जुटाकर आगामी जांच शुरू की। जांच अधिकारी देवीलाल ने बताया कि सुबह चोरी की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।